नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के छलेरा गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक के साथ मारपीट की गई। मूलरूप से बिहार के पटना निवासी प्रभात रंजन वर्तमान में छलेरा गांव में रहते हैं। उनके अनुसार, सौरभ यादव से उनका पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रविवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह छलेरा गांव में शिव मंदिर के पास मौजूद थे। तभी सेक्टर-112 निवासी सौरभ यादव वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने सोमवार को सेक्टर-39 थाने में शिकायत दी। थाना प्रभारी डी पी शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।