संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जगत फार्म से रोशनी एगरोल कॉर्नर से एगरोल खाने से लोगों के बीमार होने के मामले में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए है। सफाई नहीं होने समेत अनियमिताएं पाए जाने पर खाद्य पंजीकरण को निरस्त कर दिया है। उसके व्यवसाय पर रोक लगा दी है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सात अप्रैल को जगत फार्म स्थित रोशनी एगरोल कॉर्नर के खाद्य पदार्थों के सेवन से लोगों के बीमार होने की सूचना मिली थी। इस पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं एसके पांडेय की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एगरोल एवं चिकन रोल के एक-एक नमूने लेकर जांच के लिए विशेष वाहक के माध्यम से प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा खाद्य पंजीकरण निरस्त करते हुए व्यवसाय संचालन पर रोक लगा दी गई है।