माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। वाहन चालानों के निस्तारण के लिए शनिवार को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला जज अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में कुल 8919 मोटर वाहन चालानों का निस्तारण किया गया। इनके निस्तारण से 28 लाख 87 हजार 795 रुपये का जुर्माना वसूला गया। लोक अदालत में चालानों के त्वरित और आसान निस्तारण के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से संचालित पेमेंट सेतु एप की मदद ली गई। इसके माध्यम से वाहन चालानों का पंजीकरण किया गया और वाहन स्वामियों ने ऑनलाइन जुर्माना जमा किया। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 31 न्यायालय कक्ष, एक फाइलिंग काउंटर और एक ई-सेवा केंद्र आरक्षित किए गए थे। न्यायालय कक्षों में 70 से अधिक काउंटर और बूथ बनाए गए थे। वाहन स्वामियों की सुविधा को देखते हुए तीन कक्ष अधिवक्ताओं के लिए, एक वरिष्ठ नागरिकों और एक महिलाओं के लिए अलग से आरक्षित किया गया था।