संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। जिले में एक नवंबर से चल रहा यातायात जागरूकता माह सोमवार को समाप्त हो जाएगा। पूरे महीने यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा के लिए कई अभियान चलाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। इस दौरान रोजाना औसतन छह से सात हजार से अधिक वाहनों के चालान किए गए। माह के समापन पर सोमवार को सेक्टर-14ए स्थित यातायात पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जागरूकता फैलाने में सहयोग करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। अधिकारी महीनेभर के अभियान और कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत करेंगे। डीसीपी यातायात सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास जारी हैं। स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को नियमों की जानकारी दी गई। प्रचार वाहनों के जरिये चालकों को हेलमेट पहनने और गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।