नोएडा (संवाद)। किराये को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट की। सेक्टर-122 निवासी रवि पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे सेक्टर-71 स्थित एक सोसाइटी से एक युवक ने सेक्टर-135 जाने के लिए उनका ऑटो बुक किया था। रवि पाल के अनुसार, गंतव्य पर पहुंचने के बाद छपरौली गोलचक्कर के पास किराये को लेकर यात्री से विवाद हो गया। इस दौरान यात्री ने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर रवि पाल के साथ मारपीट की। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।