नोएडा। सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में परचून की दुकान से लगातार हो रही चोरी का खुलासा सीसीटीवी कैमरों की मदद से हो गया। सेक्टर-127 स्थित बख्ताबरपुर गांव निवासी सुबोध कुमार साह ने पुलिस को बताया कि वह गांव में किराये के मकान में रहते हैं और परचून की दुकान चलाते हैं। पिछले कई दिनों से उनकी दुकान से सिगरेट, पान मसाला और अन्य सामान चोरी हो रहा था। चोरी का पता नहीं चलने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में गांव का ही रहने वाला करण चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद दुकानदार ने आरोपी को पकड़ लिया। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।