ग्रेटर नोएडा। कोलकाता में रहने वाली एक विवाहित महिला ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कासना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता एक महिला का कहना है कि वह अपने मायके में इन दिनों रह रही हैं। उनकी शादी 26 अप्रैल 2016 को कोलकाता में संपन्न हुई थी। यह प्रेम विवाह था और शादी में लड़की पक्ष द्वारा लगभग पांच लाख रुपये खर्च किए गए थे। महिला का आरोप है कि शादी के बाद वह दो महीने तक ससुराल में रही। इस दौरान उसे पता चला कि उसके पति का किसी अन्य लड़की से प्रेम संबंध है। जिसके बाद दोनों ग्रेटर नोएडा में एक किराये के मकान में रहने लगे। महिला के अनुसार इसके बाद पति का व्यवहार लगातार हिंसक होता गया। कई बार लोगों के सामने भी पीटा गया। 28 जून को पति द्वारा पैर खींचने और डराने-धमकाने से उसकी हालत बिगड़ गई और वह अस्पताल पहुंचीं। वहां भी पति ने मारपीट की थी। वहीं कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो