महिला मित्र के साथ पार्क में बैठे युवक से मारपीट
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 क्षेत्र स्थित पार्क में सोमवार दोपहर महिला मित्र के साथ बैठे एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पार्क में बैठकर खाना खा रहे युवकों ने थूकने का विरोध किया तो कहासुनी हो गई। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बिशनपुरा गांव निवासी एक युवक सोमवार दोपहर महिला मित्र के साथ पार्क में बैठा था। कुछ ही देर बाद तीन युवक टिफिन लेकर आए उनसे कुछ ही दूरी पर बैठकर खाना खाने लगे। महिला मित्र के साथ बैठे युवक ने अचानक पीछे गर्दन की और जमीन पर थूक दिया। तभी खाना खा रहे तीन युवकों ने वहां थूकने से मना किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट शुरू हो गई। तीन युवकों ने मिलकर युवक को पीट दिया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच की जा रही है। ब्यूरो