ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा 2 दिसंबर की सुबह सेक्टर-143 कट के पास हुआ। जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सेक्टर-26 में रहने वाली दीक्षा त्रिपाठी ने सेक्टर-142 कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके पति हिमांशु शेखर अपने आवास से परी चौक स्थित ऑफिस जा रहे थे। घटना के समय अज्ञात वाहन चालक ने ओवरटेक करते हुए पल्सर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हिमांशु शेखर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। 4 दिसंबर को डॉक्टरों की टीम ने उनका ऑपरेशन किया, लेकिन उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो