दनकौर (संवाद)। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव शरकपुर निवासी बालकिशन बेसिक शिक्षा विभाग में खुर्जा के एक स्कूल में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत थे। उनकी जनगणना में ड्यूटी लगी हुई थी। बुधवार को वह जनगणना ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रास्ते में चांगोली मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।