फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में प्लास्टर गिरने की घटना ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। आरोप है कि हैंडओवर के करीब एक साल के भीतर ही इमारतों का प्लास्टर उखड़कर गिरने लगा है। हल्की बारिश होने पर सीलन की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। सोसाइटी निवासी सुभाष ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तेज हवा और बारिश के कारण प्लास्टर गिरने की घटना लगातार हो रही हैं।आरोप है कि टावर-6 की छठी मंजिल पर प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा उखड़ चुका है, जो कभी भी नीचे गिर सकता है। यह स्थान टावर लॉबी में इलेक्ट्रिसिटी पैनल के पास है, जहां लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि टावर का हैंडओवर करीब एक साल पहले ही किया गया था और पिछले 7–8 महीनों से लोग यहां रह रहे हैं। आरोप है कि परियोजना का जिम्मा एनबीसीसी ने गौड़ संस को सौंपा था, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की ठीक से निगरानी नहीं की गई।