ग्रेटर नोएडा। सायरन बजाकर और वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाकर घूमने वालों पर मंगलवार को बीटा 2 कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा वाहनों के चालान किए और कई वाहन चालकों को सायरन एवं ब्लैक फिल्म हटाने की चेतावनी दी। एसीपी हेमंत उपाध्याय और थाना प्रभारी विनोद कुमार ने परी चौक, जगत फार्म और कमर्शियल बेल्ट क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। अभियान के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, हाई-बीम, प्रेशर हॉर्न, सायरन, अवैध ब्लैक फिल्म, तेज रफ्तार और संशोधित साइलेंसर वाले वाहनों को विशेष रूप से निशाने पर रखा। मौके पर पकड़े गए कई वाहन चालकों से लाइसेंस व वाहन दस्तावेजों की जांच की गई। एसीपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध संशोधन, सायरन या ब्लैक फिल्म बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्यूरो