नोएडा। गढ़ी चौखंड़ी गांव में रहने वाले एक शख्स के घर का ताला तोड़कर बदमाशों ने ज्वेलरी समेत कीमती सामान चुरा लिया। घटना के वक्त परिवार अपने गांव गया हुआ था। इस मामले में कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मूल रूप से जारचा के कलौंदा गांव के रहने वाले सौरभ कुमार गढ़ी चौखंडी गांव में रहते हैं। वह तीन अक्टूबर की शाम गांव चले गए थे। पांच अक्टूबर को गांव से लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर से डेढ़ तोले सोने का मंगलसूत्र, कानों के झुमके, गैस सिलेंडर, एलइडी टीवी, दो लाख रुपये नकदी समेत अन्य सामान गायब थे। एसीपी वर्णिका सिंह का कहना है कि इस मामले में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ब्यूरो