साइबर जालसाजों ने वर्क फ्रॉम होम, डिजिटल निवेश और रिव्यू के नाम पर अलग-अलग सात लोगों से 1.22 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। जालसाजों ने टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर इन साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है। चार महिलाओं समेत सात लोगों के साथ ठगी के इन मामलों में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम की टीम मामले की जांच कर रही है।
ठगी नंबर:1
टास्क और रिव्यू के नाम पर 19.99 लाख की ठगी ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रहने वाले मोनिश जौहरी के पास कुछ दिन पहले टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था। इसमें घर बैठे टास्क रिव्यू का झांसा दिया गया था। मोनिश से जालसाजों ने बात कर काफी फायदा होने की बात कहकर 19 लाख 99 हजार रुपये का ट्रांजैक्शन करा लिया। इसके बाद से पीडि़त से संपर्क काट लिया। तब पीडि़त को ठगी का अहसास हुआ और पुलिस से शिकायत की।
ठगी नंबर:2
ट्रेडिंग के नाम पर 33 लाख की जालसाजी सेक्टर-78 स्थित गोल्फ व्यू सोसाइटी निवासी विवेक त्यागी के इंस्टाग्राम पर टैग कर जालसाजों ने एक विज्ञापन दिया और कम समय में अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया। इसके बाद निवेश के नाम पर शुरुआत में कुछ रकम जमा कराए और शुरुआत में कुछ फायदा भी हुआ। धीरे धीरे जाल में फंसाकर जालसाजों ने विवेक से 33 लाख रुपये ले लिए। बाद में साइबर जालसाजों ने 93 लाख रुपये की और मांग की तब पीडि़त ने पुलिस से शिकायत की।
ठगी नंबर:3
डिजिटल मार्केटिंग के नाम पर युवती से 16.64 लाख ठगे सेक्टर-62 में रहने वाली अवनि मित्तल से साइबर जालसाजों ने डिजिटल मार्केटिंग में निवेश कराने के नाम पर 16 लाख 64 हजार रुपये की ठगी कर ली। अवनि को टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था। इसमें डिजिटल मार्केटिंग में निवेश का झांसा दिया गया था। धीरे-धीरे कर जालसाजों ने अवनि से 16.64 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन करा लिया और टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज है।
ठगी नंबर:4
पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 4 लाख की ठगी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले यशवंत सिंह नोएडा के सेक्टर-57 की एक कंपनी में जॉब करते हैं। इनके पास भी जालसाजों ने टेलीग्राम पर मैसेज भेजकर पार्ट टाइम जॉब का झांसा दिया और अपने साथ एक टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ दिया। इसके बाद शुरुआती फायदा देकर उनका विश्वास जीत लिया और चार लाख रुपये की साइबर जालसाजी कर ली। साइबर क्राइम थाने की टीम मामले की जांच कर रही है।
ठगी नंबर:5
ऑनलाइन रिव्यू का झांसा देकर 32 लाख की जालसाजी सेक्टर-15 में रहने वाली ज्योतिर्मय बारिक के साथ साइबर जालसाजों ने 32 लाख रुपये की जालसाजी कर ली। जालसाजों ने इनसे भी टेलीग्राम पर मैसेज भेजकर संपर्क किया और ऑनलाइन रिव्यू कर लाखों की कमाई घर बैठे करने का झांसा दिया। जालसाजों ने ज्योतिर्मय से ऑनलाइन वेबसाइट रिव्यू के नाम पर कई बार में 32 लाख रुपये ट्रांजैक्शन करा लिया। इसके बाद पीउि़ता को ठगी का अहसास हुआ और पुलिस से शिकायत की।
ठगी नंबर:6
व्हाट्सएप कॉल कर युवती से 7 लाख की ठगी सेक्टर-74 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली निखत के पास कुछ दिन पहले एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉलर ने पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया और हर क्लिक पर 50 रुपये देने का झांसा दिया। इसके बाद टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़कर निवेश कराने के नाम पर अलग-अलग खातों में सात लाख रुपये जमा करा लिया। इसके बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और पुलिस से शिकायत की। साइबर टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
ठगी नंबर:7
सात यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब के नाम पर 9.53 लाख की जालसाजी सेक्टर-168 स्थित सोसाइटी में रहने वाली स्तुति प्रकाश से साइबर जालसाजों ने यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने के नाम पर 9.53 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर यूट्यूब चैनल सब्सक्राइम करने का झांसा दिया और अलग अलग खातों में 9 लाख 53 हजार रुपये जमा करा लिया। इसके बाद जालसाजों ने स्तुति से संपर्क काट लिया।