तावडू तहसील कार्यालय में सर्वर डाउन, कामकाज रहा ठप
तावडू। तहसील कार्यालय में शुक्रवार को सर्वर डाउन होने के कारण इंटरनेट काम नहीं कर रहा था। इसकी वजह से दिनभर तहसील कार्यालय का कार्य बाधित रहा। जमीन से संबधित फर्द, प्रमाण पत्र आदि जुड़े लोगों के कार्य नहीं हो पाए, जिसके कारण पूरे दिन लोग सर्वर के सही होने का इंतजार करते रहे और अंत में उन्हें बिना कार्य कराये ही लौटना पड़ा। परेशान लोगों ने अधिकारियों से व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की। जब्बार सरपंच, हारून, इरफान और जाकिर ने बताया कि वे जमीन की फर्द, रजिस्ट्रेशन, प्रमाण पत्र के कार्य के लिए शुक्रवार सुबह जब तहसील कार्यालय में पहुंचे तो कार्यालय में सर्वर डाउन था। इसका कोई जवाब कर्मचारियों के पास भी नहीं था। पूरे दिन इंतजार के बाद उन्हें बिना काम कराये ही लौटना पड़ा। लोगों का कहना है कि तहसील कार्यालय में प्राय: ही सर्वर ठप हो जाता है। ऐसे में लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। विभाग को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन से सरकारी छुट्टियों के चलते तहसील कार्यालय बंद था। उन्हें उम्मीद थी कि शुक्रवार को तहसील कार्यालय से संबंधित कार्य हो जाएंगे, लेकिन कार्य नहीं हो पाया। इस बारे में नायब तहसीलदार कंवर लाल, तावडू का कहना है कि बीएसएनएल विभाग को सूचित कर दिया गया है। जल्द ही सर्वर चालू होने पर कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।