माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। परिवहन विभाग का सर्वर लगातार तीसरे दिन भी ठप रहने से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, आरसी और अन्य सेवाएं प्रभावित रहीं। सर्वर बंद होने के कारण कार्यालय में कामकाज लगभग ठप रहा और लोगों को निराश लौटना पड़ा। कई आवेदकों के ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट के स्लॉट भी प्रभावित हुए हैं, जिन्हें सर्वर बहाल होने के बाद नई तिथि दी जाएगी। प्रतिदिन करीब 80 ड्राइविंग लाइसेंस और 150 से अधिक वाहन संबंधी कार्य किए जाते हैं। सर्वर बंद रहने से लंबित मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है। सेक्टर-78 की माहिरा ने बताया कि उन्हें इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना है, लेकिन सर्वर खराब होने से आवेदन नहीं हो सका। वहीं दादरी निवासी मोहित नागर ने बताया कि उनका डीएल स्लॉट बुक है और लर्निंग लाइसेंस की अवधि भी जल्द समाप्त होने वाली है। एआरटीओ नंद कुमार ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण सर्वर प्रभावित है। सर्वर बहाल होते ही सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।