ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट स्थित ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में आज यानि सोमवार को सीनियर वर्ग की जिला स्तरीय तैराकी चयन प्रतियोगिता होगी। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले तैराक मंगलवार को इसी अकादमी में होने वाले मंडलीय ट्रायल में गौतमबुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि 10 से 12 जुलाई तक वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए यह चयन प्रक्रिया कराई जा रही है। मंडलीय ट्रायल में पुरुष और महिला वर्ग के 20-20 तैराक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई, व्यक्तिगत मेडले और विभिन्न रिले स्पर्धाओं के ट्रायल होंगे। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।