मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
- फोटो : amar ujala
इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले सेमीकॉन इंडिया-2024 के शुभारंभ के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। वहीं पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को ग्रेटर नोएडा आएंगे। मंगलवार को सीएम पहले पहले जेवर पहुंचेंगे। यहां पर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की निर्माण की प्रगति का जायजा लेंगे। अप्रैल 2025 से एयरपोर्ट को विधिवत शुरू किए जाने की योजना है।
इसके बाद वह सेमीकॉन इंडिया-2024 की तैयारियों का समीक्षा करने के लिए इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने की जा रही व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की। प्रदेश सरकार यूपी को सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाना चाहती है।
इसी मकसद से 11 से 13 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यह आयोजन किया जा रहा है। भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग को विकसित करने में मदद करने के लिए सेमी और मेसे मुएनचेन इंडिया, इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के साथ मिलकर यह आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर के क्षेत्र से जुड़े देश विदेश के अति विशिष्ट लोग शामिल होंगे।
एक्सपो मार्ट और आसपास के रास्तों पर सुरक्षा सख्त
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक्सपो मार्ट सहित पूरे ग्रेटर नोएडा के रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान अभियान चलाया जा रहा है। यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परी चौक पुलिस चौकी पर सवारियां उतारने और चढ़ाने वाली रोडवेज बसें एनआरआई सिटी की सर्विस लेन की तरफ डायवर्ट कर दी गईं हैं।
इसी तरह अन्य स्थानों पर भी डायवर्जन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई मार्ग के रास्ते ग्रेटर नोएडा पहुंच सकते हैं। इसके चलते नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर भारी मालवाहक वाहन वाहनों का एक्सपो मार्ट की ओर आने पर प्रतिबंध रहेगा।
मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर बाद जेवर पहुंचेंगे। वहां एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य की समीक्षा करेंगे। बाद में सेमीकॉन इंडिया-2024 कार्यक्रम के आयोजन स्थल पहुंचेंगे।
- मंगलेश दुबे, एडीएम प्रशासन