ग्रेटर नोएडा (संवाद)। कबड्डी में जिले की बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। मंडल स्तरीय सीनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के चयन ट्रायल के लिए गौतमबुद्ध नगर की तीन खिलाड़ियों का चयन किया गया है। सोमवार को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन समिति ने प्रदर्शन के आधार पर श्वेता, मुस्कान और खुशी कश्यप को मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए चुना। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि तीनों खिलाड़ी मंगलवार को आयोजित होने वाले मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगी।