नोएडा (संवाद)। सेक्टर-63 स्थित निजी कंपनी में ड्यूटी करने जा रहे सुरक्षा गार्ड की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक के भाई धर्मेंद्र पासवान की शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन की तलाश कर रही है। बिहार के गया जिले के जौधी गांव निवासी संजय पासवान वर्तमान में सेक्टर-35 स्थित सुरभि अस्पताल के पास रहते थे। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह बाइक से सेक्टर-63 ड्यूटी पर जा रहे थे। सेक्टर-58 में एचडीबी फाइनेंस कंपनी के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जांच जारी है।