ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर ओमिक्रॉन-3 के हरित क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर निवासियों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि हरियाली और खुले स्थान के लिए आरक्षित जमीन पर सड़क बनाई जा रही है। इससे हरित क्षेत्र का उद्देश्य प्रभावित होगा। निवासियों ने प्राधिकरण से निर्माण की अनुमति और स्वीकृत नक्शे की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहले जांच होनी चाहिए कि सड़क निर्माण की अनुमति दी गई है या नहीं। जांच पूरी होने तक काम रोकने की अपील की है। निवासी मामले की शिकायत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में करने की तैयारी भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण नियमों के खिलाफ पाया गया तो हरित क्षेत्र को पहले की तरह बहाल किया जाए।