यमुना सिटी(संवाद)। यमुना सिटी के सेक्टर-22डी में बने अफोर्डेबल फ्लैट्स के निवासी इन दिनों सफाई व्यवस्था की कमी से परेशान हैं। निवासियों का कहना है कि सोसायटी में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी बनी रहती है। नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। सोसायटी निवासी हरिकांत शुक्ला और विनोद राजपूत ने बताया कि सोसायटी की नालियों की नियमित रूप से सफाई नहीं होती है। नालियों में गंदगी जमा होने के कारण मच्छर पनपने लगे हैं। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। सोसायटी में कई स्थानों पर रखे कूड़ेदान भी टूटे पड़े हैं। इसके अलावा कचरा उठाने वाली गाड़ी भी नियमित रूप से नहीं आती है। साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधा सोसायटी के निवासियों को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।