क्रेटा लूट में शामिल मास्टरमाइंड महिला की तलाश
- महिला पर लूट के लिए बदमाशों को हायर करने का अंदेशा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-76 से इंजीनियर को बंधक बनाकर क्रेटा कार लूटने में शामिल मास्टरमाइंड महिला की तलाश जारी है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि क्रेटा लूट के लिए महिला ने ही अपने एक साथी के साथ बदमाशों को हायर किया था। अब महिला की गिरफ्तारी व अन्य बदमाशों के पकड़े जाने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस की तीन टीमें महिला समेत फरार बदमाशों की तलाश करने में जुटी हैं।
शुक्रवार रात सेक्टर-76 स्थित मार्केट के पास से महिला समेत चार बदमाशों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनमोल को बंधक बनाकर आंख पर पट्टी बांधकर शहर भर में घुमाया। इसके बाद बदमाशों ने जूलरी निकलवा ली और पचास हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करावाने के बाद क्रेटा कार लूट ली थी। मामले में रविवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश नवीन को गिरफ्तार कर लिया था और क्रेटा कार बरामद कर ली थी। डीसीपी नोएडा हरीश चंदर का कहना है कि पुलिस को महिला की फोटो सीसीटीवी के माध्यम से घटना के दिन ही मिल गई थी। उसमें वह सेक्टर-76 में लूट करने के पहले पानी पीती हुई दिखाई दे रही है।