पुन्हाना। निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए पुन्हाना के एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र गर्ग ने मंगलवार को चुनाव संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की। चुनावी कार्यों में लगे अधिकारियों को आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उपमडल अधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, सभी अधिकारी-कर्मचारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश पर कार्य करें। चुनाव आयोग के नियम का पालन करें, इसके लिए उन्होंने 29 वाहन भी संबंधित अधिकारियों को सौंपे। किसी भी प्रकार अन्य राज्यों से व स्थानीय क्षेत्र से अवैध शराब, हथियार या अवैध रूप से रुपयों की खेप का प्रयोग चुनावों के दौरान ना हो। अन्य राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की अच्छे से जांच की जाए और इस बात का भी खास ख्याल रखें कि किसी भी नागरिक को बेवजह परेशान ना किया जाए। वहीं एसडीएम ने पुलिस विभाग को सभी आम नागरिकों के लाइसेंस शुदा हथियारों को तुरंत जमा करवाने व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। बैठक में सभी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।