ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के एलजी फैक्टरी सर्विस रोड पर एक ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो सगे भाई घायल हो गए। वादी ओमप्रकाश सिंह के अनुसार 14 नवंबर को उनके साढ़ू के दो पुत्र शैवेन्द्र सिंह और आदर्श अपनी स्कूटी पर सवार होकर शीला फोम फैक्टरी से एलजी फैक्टरी की दिशा में सर्विस रोड से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक के चालक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शैवेन्द्र सिंह और स्कूटी ट्रक के पहियों के नीचे जा फंसे। जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने खींचकर बाहर निकाला। हादसे में पीछे बैठे आदर्श सिंह उछलकर दूर पत्थर से टकरा गए। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो