दनकौर। कोतवाली पुलिस ने कस्बे में प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री करते एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि रात पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे के सलारपुर अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे में एक दुकानदार प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापा मारा और बड़ी संख्या में पटाखों की खेप बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नई बस्ती निवासी त्रिलोकचंद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये है।