दादरी (संवाद )। कोतवाली दादरी क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव से 45 वर्षीय ऑटो चालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। वो घर से ऑटो लेकर निकले थे लेकिन घर वापस नहीं लौटे और मोबाइल फोन भी बंद जा रहा है। परिजनों ने ऑटो लूट के बाद हत्या की आंशका जताई है। पुलिस ने ऑटो चालक की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय सतेंद्र सिंह 19 नवंबर की सुबह ऑटो लेकर घर से निकले थे। उसी दिन देर रात तक भी वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल की। बताया गया है कि मोबाइल फोन बंद आ रहा था। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सतेंद्र की पत्नी प्रीति ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा का कहना है कि घटना की गुमशुदगी दर्ज कर लापता चालक की तलाश की जा रही है।