रबूपुरा (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र में एटीएस सोसाइटी के पास बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल महिला की ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में महिला का पति भी घायल हुआ था। कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि राजेश कुमार ने बुधवार को शिकायत दी थी कि उनका भाई सत्येंद्र पत्नी नीलम के साथ स्कूटी से जेवर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एटीएस सोसाइटी के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में सत्येंद्र और नीलम दोनों घायल हो गए थे। दोनों को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान नीलम ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।