दनकौर। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की सख्ती के बाद दनकौर कोतवाली क्षेत्र के देवटा में दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल और बाइक चोरी के मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। देवटा गांव निवासी चेतन शर्मा की खेरली नहर तिराहे पर स्थित दुकान से करीब 10 दिन पहले बाइक और लाखों रुपये के मोबाइल चोरी हुए थे। पीड़ित का आरोप है कि वह लंबे समय से कोतवाली के चक्कर लगा रहे थे। इसके बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी। आखिरकार थक-हारकर पीड़ित ने विधायक धीरेंद्र सिंह से संपर्क किया। पीड़ित की शिकायत सुनने के बाद विधायक ने संबंधित पुलिस चौकी इंचार्ज को कॉल कर जमकर फटकार लगाई थी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने शुक्रवार को चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। संवाद