माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में सोमवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की टीम निरीक्षण पर पहुंची। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अस्पताल में लगे विभिन्न बीमारियों के साइन बोर्ड के बारे में पता किया गया। यह देखा गया कि अस्पताल में लगे बीमारियों के साइन बोर्ड सही हैं या नहीं और इनके माध्यम से सही संदेश दिया जा रहा है अथवा नहीं। सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए (आईईसी) इंफॉर्मेशन एजुकेशन एंड कम्युनिकेशन के तहत निरीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में एनएचएसआरसी की एक टीम नोएडा के जिला अस्पताल पहुंची थी। इसमें एनएचएसआरसी की टीम में वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मृदुला पांडेय और कंसल्टेंट डॉ. श्रृष्टि गुलाटी मौजूद रहीं।