नूंह। नूंह शहर के गोशाला रोड पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि काले शीशों वाली एक स्कॉर्पियो गाड़ी, जिस पर लाल रंग का अस्थायी नंबर लगा है, इलाके में घूम रही है। सूचना के आधार पर सिपाही उपेंद्र अपनी टीम के साथ गोशाला रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन गाड़ी में सवार बदमाशों ने वाहन रोकने के बजाय सीधे सिपाही उपेंद्र को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल सिपाही को तुरंत शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर बताया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। संवाद