देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजावाला तिराहे के पास प्रेमनगर से सेलाकुई की ओर आ रहे एक छोटे सवारी वाहन और सेलाकुई से प्रेमनगर की ओर जा रहे स्कूटर की टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटर सवार ढकरानी, हरिपुर निवासी वैभव (24) की मौत हो गई। पुलिस ने सवारी वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है। सेलाकुई थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि बुधवार रात को राजावाला तिराहे के पास एक सवारी वाहन और स्कूटर की टक्कर की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना में स्कूटर सवार एक युवक और युवती घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सवारी वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों वाहन थाने में खड़े करवाए गए हैं। मृतक के पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।