2.25 करोड़ से स्कूल और बरात घरों का होगा विकास
- कई गांवों व सेक्टरों में अगले माह से होंगे शुरू होंगे काम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गांवों और सेक्टरों में स्कूल से लेकर बरात घर के विकास के लिए 2.25 करोड़ रुपये के 27 कार्य के टेंडर निकाल दिए हैं। इसमें प्राथमिक विद्यालयों व सामुदायिक केंद्रों की बिजली व्यवस्था, गांवों एवं सेक्टर की सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट, पंप हाउस से लेकर श्मशान घाट तक का विकास किया जाएगा। इन कार्यों को अगले माह से शुरू करने की योजना है।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्मार्ट विलेज छपरौला में बारात घर, प्राथमिक विद्यालय, पंप हाउस, श्मशान घाट के आंतरिक विद्युतीकरण का काम किया जाएगा। प्राधिकरण जेपी गोल चक्कर पर वाटर फाउंटेन भी लगवाएगा। स्मार्ट विलेज जलपुरा के प्राथमिक व जूनियर हाई स्कूल और श्मशान घाट का आंतरिक विद्युतीकरण का कार्य कराएगा। स्मार्ट विलेज इटेहरा और ग्राम कैलाशपुर में प्राथमिक स्कूल, जूनियर हाईस्कूल, पंप हाउस, बारात घर एवं श्मशान घाट में विद्युतीकरण के काम होंगे। सेक्टर-3 के पार्क, ब्लॉक ए, सी एवं ब्लॉक डी में लगे पेड़ों का अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा।
सेक्टर-1 में रोड साइड ग्रीन बेल्ट एवं सेंट्रल वर्ज में लगे पेड़ पौधों का अनुरक्षण कार्य तीन साल तक करने के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा। सेक्टर ईटा-1, सेक्टर टेकजोन-4 और सेक्टर-12 में ग्रीन बेल्ट में लगे पेड़-पौधे, रोड साइट ग्रासिंग आदि का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा प्राधिकरण कई गांवों में स्ट्रीट लाइट लगवाएगा। शहर के कई सेक्टर की सर्विस रोड और मुख्य मार्ग में भी एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। प्राधिकरण सेक्टर-16 बी, 16-सी, आवासीय क्षेत्र में पार्क एवं 45 मीटर रोड के साथ 10 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट का विकास कराया जाएगा।
-