बीना स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के सहायक शाखा प्रबंधक पर सरेराह लुटेरों ने हमला बोल कर सोने की चेन, अंगूठी व नगदी लूट ली। हमले की वजह से असिस्टेंट के सिर में चोट आई और हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना शक्तिनगर थाने की बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित बांसी हाइडिल काॅलोनी के पास हुई।
एसबीआई बीना शाखा में सहायक शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात दीपक उपाध्याय के मुताबिक रविवार रात करीब नौ बजे बाइक से ओड़ी मोड़ पर लैपटाॅप बनवाने जा रहा था। दो बाइकों पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने बाइक रोककर लूटपाट की। विरोध करने पर उनकी पिटाई की और सोने की चेन, अंगूठी, 15 हजार रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद भुक्तभोगी दीपक उपाध्याय को एनसीएल बीना के अटल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके एक हाथ की हड्डी टूटने के साथ सिर व पूरे शरीर में गंभीर चोटें आई। असिस्टेंट मैनेजर ने सोमवार बीना पुलिस चौकी में तहरीर दी। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी उनके तक नहीं पहुंची है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली गई है। दोनों आरोपी अनपरा के निवासी हैं। उन्हें पकड़ कर दोनों पक्षों को आमने-सामने किया जाएगा। तभी सच्चाई सामने आएगी। -दिनेश प्रकाश पांडेय, प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर।