यमुना सिटी (संवाद)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), दनकौर में शनिवार को उच्च प्राथमिक स्तरीय गणित प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने गणित आधारित मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय, घोड़ी बछेड़ा की शिक्षिका समीक्षा सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय, उतरावली की शिक्षिका ललिता दूसरे और उच्च प्राथमिक विद्यालय, कानीगढ़ी की शिक्षिका स्वाति सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। प्रदर्शनी का उद्देश्य गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों में गणितीय समझ व रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संदीप कुमार रहे। आयोजन में डायट प्रवक्ता भूपेंद्र और रीना ने सहयोग किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. मनदीप सिंह, डॉ. रुचि और डॉ. अविनाश कुमार यादव ने किया।