लखनऊ से भेजी गई खबर नोएडा से अपडेट
रेलवे प्रबंधक के यहां से 2.61 करोड़ बरामद
-विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेज मिले, गोरखपुर और नोएडा में सीबीआई ने मारा छापा
- मंगलवार को गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख प्रबंधक को सीबीआई ने रिश्वत लेते हुए दबोचा था
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। पूर्वोंत्तर रेलवे, गोरखपुर में तैनात प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक (प्रिंसिपल चीफ मैटीरियल मैनेजर) केसी जोशी के आवास से सीबीआई की टीम ने लगभग 2.61 करोड़ रुपये तथा विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए हैं। जोशी को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश अनिरुद्ध मिश्रा की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी की 14 दिन की न्यायिक हिरासत मंजूर की है।
केसी जोशी को सीबीआई ने मंगलवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ जेम पोर्टल के जरिए रेलवे का टेंडर हासिल करने वाली फर्म के मालिक से सात लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता की कंपनी रेलवे को वार्षिक अनुबंध के आधार पर 80,000 रुपये प्रति ट्रक प्रति माह की व्यवस्था कर रही थी। सीबीआई ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए जोशी को धर दबोचा। सीबीआई की ओर से आरोपी से पूछताछ के लिए रिमांड पर दिए जाने की अर्जी दी गई। इस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को पूछताछ के लिए बुधवार की शाम 4 बजे से 15 सितंबर दोपहर 3 बजे तक के लिए रिमांड पर दिए जाने का आदेश दिया है।
नोएडा आवास से ट्रैवल बैग से मिला कैश
नोएडा। पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारी की गोरखपुर से गिरफ्तारी के बाद सीबीआई का पूरा फोकस नोएडा पर हो गया। मंगलवार को सीबीआई की टीम सेक्टर-50 स्थित रेलवे अधिकारी के आवास पर पहुंच गई। जहां घर की तलाशी के दौरान ट्रैवेल बैग में भारी मात्रा में कैश मिला। पूरी कार्रवाई की कानों कान खबर पड़ोसियों को भी नहीं लगी। मंगलवार देर रात जानकारी मिलने पर नाेएडा पुलिस की टीम रेल विहार के आसपास गई थी।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक केसी जोशी की तैनाती गोरखपुर में है और उनका आवास नोएडा के सेक्टर-50 स्थित रेल विहार में है। घर पर सीबीआई की टीम मंगलवार देर शाम पहुंची। दो गाड़ियों से पहुंचे 6-8 कर्मियों ने पूरे घर को अपनी निगरानी में लिया। इस दौरान घर में मौजूद लोगों को एक जगह बैठा दिया गया था। फिर तलाशी व जांच-पड़ताल शुरू की। सूत्रों की माने तो टीम के पास मजबूत इनपुट थे। कपड़े के बैग और ट्रैवल बैग की जांच की गई। उसमें भारी मात्रा में कैश मिला। रात में ही करीब 50 लाख रुपये तक की बरामदगी घर से हो गई थी। फिर रात को भी टीम ने इत्मिनान से घर को चेक किया। बेड रूम समेत अन्य जगहों पर रखे ट्रैवेल बैग, सूटकेस, ब्रीफकेस समेत अन्य जगहों से कैश बरामद हुआ है। बुधवार को भी टीम का आवागमन जारी रहा। टीम ने घर पर मिले बहुत सारे दस्तावेजों को भी चेक किया है। इन दस्तावेजों से सामने आए तथ्यों को भी जांच में शामिल कर लिया गया है।