ग्रेटर नोएडा। दिवाली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के 1.89 करोड़ परिवार को 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट परिसर में सजीव प्रसारण हुआ। प्रशासक जिला पंचायत अमित कुमार ने जिले की लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलिंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक दिए। उन्होंने बताया कि यह योजना महिलाओं को स्वच्छ ईंधन, सुविधा, स्वास्थ्य और सम्मान प्रदान करती है। जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने निशुल्क गैस सिलिंडर रिफिल के दो चरण बताए। पहला चरण अक्तूबर से दिसंबर और दूसरा जनवरी से मार्च तक है। जनपद की 94,174 लाभार्थी महिलाओं को प्रति लाभार्थी 639.50 रुपये की सब्सिडी मिली। 14.2 किलोग्राम के सिलिंडर की कीमत 939.50 रुपये है। इसमें राज्य सरकार 639.50 रुपये और केंद्र सरकार 300 रुपये की सब्सिडी देती है। ब्यूरो