रोडवेज बस ने मर्सिडीज में मारी टक्कर, 12 घायल
- नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम, तेज टक्कर से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, हिंडन में गिरने से बचे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर हिंडन पुल की रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। उसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने क्षतिग्रस्त मर्सिडीज को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस एक्सप्रेसवे के किनारे रुक गई जबकि मर्सिडीज ने पलटकर हाईवे किनारे अटक गई। दोनों वाहन हिंडन में गिरने से बच गए। हादसे के बाद मर्सिडीज में आग लग गई। पुलिस ने जेपी ग्रींस सोसाइटी निवासी घायल कारोबारी राघव गुप्ता, बस चालक निसार खां और परिचालक चंद्रप्रकाश समेत 15 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने परीचौक पर रूट डायवर्ट करके क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। रूट डायवर्जन से करीब आधा घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
ग्रेनो के जेपी ग्रींस सोसाइटी निवासी राघव गुप्ता कारोबारी हैं। बृहस्पतिवार को वह मर्सिडीज से फेज-2 स्थित अपनी फैक्टरी जा रहे थे। उधर, आगरा से रोडवेज बस नोएडा की ओर जा रही थी। जीरो प्वाइंट पार करते ही तेज रफ्तार मर्सिडीज अचानक अनियंत्रित होकर हिंडन नदी के पुल की रेलिंग से टकरा गई। उसी समय रोडवेज की बस ने क्षतिग्रस्त मर्सिडीज में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मार्ग बाधित होने से वाहनों की लगभग दो किमी लंबी कतार लग गईं। थाना, यातायात पुलिस के अलावा एडीसीपी समेत अन्य आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को वाहनों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बस व मर्सिडीज कार के चालक को नोएडा के अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। जबकि परिचालक को ग्रेनो के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परी चौक से पी-3 भेजे वाहन
एक्सप्रेसवे पर जाम लगने के कारण परी चौक से यमुना व नोएडा एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों को पी-3 गोलचक्कर की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इसके बावजूद लोगों को जाम व परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगभग आधे घंटे बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग आदि से हटाकर यातायात सुचारू कराया। उधर, रूट डायवर्जन से परीचौक के वाहनों का पूरा दबाव पी-3 गोलचक्कर पर आ गया। इससे पीथ्री से परीचौक तक जाम लग गया। हालांकि पुलिस ने यातायात को थोड़ी देर में ही सुचारू कर लिया।
एयरबैग खुलने से बची कारोबारी की जान
हादसे में मर्सिडीज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और कार की बॉडी के टुकड़े घटना स्थल पर पड़े दिखाई दे रहे थे। पुलिस का कहना है कि वह बस के नीचे फंस गई थी। कारोबारी राघव गुप्ता भी मर्सिडीज में फंस गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला। हादसे में चालक चोट आई है, लेकिन एयरबैग खुलने व कार में अन्य सेफ्टी सिस्टम के कारण उनके शरीर में कहीं फ्रैक्चर नहीं है। जबकि बस चालक निसार खां के पैर में फ्रैक्चर है।
बस में सहमे यात्री, पलटकर भी अटकी रही कार
पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में मसर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। वहीं बस की टक्कर से कार पलटकर हिंडन नदी के किनारे अटक गई। अगर दो कार दो फुट आगे और बढ़ जाती तो वह नदी में गिर जाती और बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, बस हिंडन के पुल के बिल्कुल किनारे एक्सप्रेसवे पर ही रुक गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्री सहम गए और बस में बैठे हुए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे थे। कुछ यात्री बस से नीचे उतर गए, कुछ को पुलिस ने नीचे उतारा। उधर, आग लगने की सूचना पर भी दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर चंद मिनट पर आग पर काबू पा लिया था।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटावाया गया और कुछ देर बाद ही यातायात सुचारू करा दिया गया। हादसे कैसे हुआ उन कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि अभी किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। - अशोक कुमार, एडीसीपी ग्रेनो जोन।