नोएडा। कांवड़ यात्रा खत्म होते ही रोडवेज बसें अपने पुराने रूट से चलने लगी हैं। किराया भी पहले की तरह हो गया है। कम किराये में अब यात्री रोडवेज बसों से हरिद्वार तक पहुंच सकेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान डायवर्जन लागू किया गया था। इस वजह से बसें हापुड़-बिजनौर होकर हरिद्वार तक पहुंच रही थीं। इस रूट पर बसों को 265 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा था जिसके कारण किराया भी 397 रुपये हो गया था। वहीं यात्रा समाप्त होते ही डायवर्जन भी हटा दिया गया है। अब बसें दोबारा मेरठ होकर ही हरिद्वार तक जा रही हैं। इस रूट पर बस 233 किलाेमीटर चल रही है और किराया 381 रुपये हो गया है। मोरना बस डिपो के एआरएम रोहिताश कुमार ने बताया डायवर्जन समाप्त हो गया है। अब बसें पुराने रूट से होकर गंतव्य तक जा रही हैं। इसके चलते किराये की दरें भी घटा दी गई हैं। ब्यूरो