ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दैनिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिकंद्राबाद डिपो एक जून से सिकंद्राबाद-दादरी-सूरजपुर मार्ग पर बस सेवा शुरू करेगा। इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिकंद्राबाद डिपो के तहत दादरी बस स्टैंड का क्षेत्र आता है। लंबे समय से स्थानीय लोग दादरी से सूरजपुर एवं अन्य क्षेत्रों के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। यात्रियों को इन रूटों पर आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने फिलहाल एक बस के संचालन को मंजूरी दी है। यह बस सिकंद्राबाद से दादरी होते हुए सूरजपुर तक जाएगी। सूरजपुर कस्बे के बाहर स्थित टी-पॉइंट से यात्रियों को लेकर बस वापस दादरी और फिर सिकंद्राबाद लौटेगी। डिपो के एआरएम दिनेश कुमार ने कहा कि फिलहाल इस रूट पर एक बस शुरू की जा रही है। यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप रही तो भविष्य में इस मार्ग पर और बसें बढ़ाई जाएंगी।