ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जीटी रोड के सादोपुर की झाल से कल्दा माइनर नहर की पटरी पर तिमोही तक की सड़क का चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। स्थानीय ग्रामीणों के अलावा आर्य प्रतिनिधि सभा और कुछ अन्य सामाजिक संगठनों ने कई बार मांग की थी। इस मार्ग से अब पुलिस को भी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पहुंचना आसान होगा। जीटीरोड के सादोपुर की झाल से तिमोली तक आने ओर जाने के लिए केवल एक लेन की सड़क है। इससे ही सारा दिन और रात में वाहनों का आना जाना रहता है। भारी वाहन नहीं जा सकते है। नहर की पटरी पर सड़क अब साढ़े पांच मीटर चौड़ी होगी। अब दादरी क्षेत्र का डासना और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से लिंक आसान होगा। इस एक्सप्रेसवे पर पहुंचने लिए बील अकबर टोल प्लाजा नहीं जाना होगा। मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।