यमुना सिटी(संवाद)। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के सबसे नजदीकी गांव किशोरपुर की मुख्य सड़क जर्जर है। हर रोज एयरपोर्ट के लिए निर्माण सामग्री लेकर भारी वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। इसके कारण सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के चलते रोजाना आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार वाहन फंस जाने से लंबा जाम भी लग जाता है। गांववासियों ने प्रशासन और परियोजना से जुड़े अधिकारियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।