मुंजखेड़ा से 22 डी सोसाइटी जाने वाली सड़क जर्जर हालत में है।संवाद
- बदहाल सड़क से यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में दिक्कत, दूसरे रास्ते से लगाना पड़ता है अतिरिक्त चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। मुंजखेड़ा से 22 डी सोसाइटी जाने वाली सड़क जर्जर होने से सोसाइटी के निवासियों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोसाइटी निवासियों का कहना है कि यह सड़क यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचने का सीधा रास्ता है। सड़क की मरम्मत होने से लोगों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में आसानी होगी। अभी बदहाल मार्ग के कारण दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है और समय भी बर्बाद होता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग ठीक होने से सोसाइटी निवासियों के साथ अन्य राहगीरों को भी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।