यमुना सिटी/जेवर। जेवर में एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगरौली गांव निवासी शेर सिंह और उनके चचेरे भाई जगदीश जेवर से अपनी स्कूटी पर सामान लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जेवर–खुर्जा रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले जेवर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को फोर्टिस अस्पताल, नोएडा सेक्टर-62 में रेफर कर दिया गया। हादसा 4 नवंबर की शाम करीब 4 बजे का बताया जा रहा है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संवाद