नोएडा। कोतवाली फेज-1 थाना क्षेत्र में करीब 20 दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक निजी कंपनी के कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इटावा के सिविल लाइंस निवासी अमित तिवारी ने शिकायत में बताया कि उनके रिश्ते के बहनोई सौरभ शर्मा दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित देवली अपार्टमेंट में किराये पर रहते थे। वह नोएडा के फेज-दो स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे सौरभ ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर-1 स्थित एचडीएफसी बैंक के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आई दिल्ली नंबर की एक कार ने टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से सौरभ को गंभीर हालत में कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।