सेक्टर-62 निवासी 11 वर्षीय फुटबॉलर रूशांग अरोड़ा कड़ी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। सेक्टर-30 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा सात के छात्र रूशांग पिछले छह वर्षों से कोच धीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह प्रतिदिन दो से तीन घंटे नियमित अभ्यास करते हैं। रूशांग ने वर्ष 2023 में दिल्ली में आयोजित गोल्डन बेबी लीग में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। वर्ष 2024 में नोएडा में आयोजित कैंब्रिज इंटर स्कूल टूर्नामेंट में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इसके अलावा वर्ष 2025 में बाबा लीग और वर्ष 2026 में दिल्ली यूथ लीग में वह टॉप स्कोरर रहे। रूशांग महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं की तरह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सपना देखते हैं। उनकी मां शिल्पी अग्रवाल रोज उन्हें अभ्यास के लिए स्टेडियम लेकर जाती हैं, जबकि पिता गौरव अरोड़ा हर प्रतियोगिता में उनका पूरा सहयोग करते हैं और फिटनेस पर विशेष ध्यान देते हैं। रूशांग का लक्ष्य फीफा वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और जिले का नाम रोशन करना है।