सेक्टर-92 निवासी 15 वर्षीय अर्जुन महेश्वरी स्क्वैश में लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। सेक्टर-100 स्थित पाथवेज स्कूल के कक्षा 10 के छात्र अर्जुन पिछले चार वर्षों से ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित जी जेम्स स्क्वैश अकादमी में कोच ज्ञानेंद्र प्रजापति के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह प्रतिदिन तीन से चार घंटे अभ्यास कर अपने खेल को निखारते हैं। हाल ही में अर्जुन ने इंटर स्कूल टूर्नामेंट के अंडर-15 वर्ग का खिताब जीता। इसके अलावा यूपी स्टेट अंडर-13 प्रतियोगिता में उपविजेता रहे हैं। उनके नाम अब तक 12 ट्रॉफियां दर्ज हैं। कोच ज्ञानेंद्र प्रजापति का कहना है कि अर्जुन अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी हैं तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। अर्जुन के पिता गोपाल महेश्वरी स्वयं स्क्वैश खिलाड़ी हैं और शुरुआती प्रशिक्षण उन्होंने ही दिया। परिवार का पूरा सहयोग अर्जुन को मिलता है। अर्जुन का सपना अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए ट्रॉफी जीतकर देश का नाम रोशन करना है।