सेक्टर-62 निवासी 11 वर्षीय वैष्णवी शर्मा कराटे में फर्स्ट डेन ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल की कक्षा सात की छात्रा वैष्णवी पिछले पांच वर्षों से कराटे का अभ्यास कर रही हैं। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम की एके मार्शल आर्ट अकादमी में वह कोच अफजल खान के मार्गदर्शन में रोजाना दो से तीन घंटे अभ्यास करती हैं। वैष्णवी ने अप्रैल में आयोजित एलीट कप में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद जुलाई में दिल्ली में हुए एमजीएफआई खेलों में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। यूपी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया। अब वह आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी हैं। पिता अश्वनी कुमार उन्हें नियमित रूप से अकादमी लाते-ले जाते हैं और खेल के लिए प्रोत्साहित करते हैं। मां दिव्या सक्सेना उनकी डाइट और अन्य जरूरतों का ध्यान रखती हैं। कोच अफजल खान ने बताया कि वैष्णवी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उनका सपना पेशेवर खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाने के साथ भारतीय वायु सेना में सेवा देने का है।