अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हाईकोर्ट ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम की दंगों से संबंधित राजद्रोह के एक मामले में नियमितव अंतरिम जमानत की दो अलग-अलग अर्जियों पर 30 जनवरी को सुनवाई तय की है।
न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल व न्यायमूर्ति तलवंत सिंह की पीठ आईपीसी की धारा 124ए (राजद्रोह) के तहत मामले पर रोक लगाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में इमाम की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई कर रही है। पीठ ने कहा कि अर्जियां एक ही प्राथमिकी से संबंधित हैं और उसमें समान मुद्दे नहीं उठाए जा सकते। पीठ ने कहा कि एक ही प्राथमिकी से संबंधित आपकी दो अपील (निचली अदालत की नियमित जमानत और अंतरिम जमानत से इनकार के खिलाफ) लंबित हैं। हम उन्हें एक साथ सुनेंगे। आप एक ही मुद्दे को एक से अधिक बार नहीं उठा सकते। ऐसे सुनवाई नहीं होती।