बिलासपुर (संवाद)। रामपुर रोड स्थित नई कॉलोनियों के निवासी करीब एक दशक से पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं। रास्ता नहीं बनने से परेशान लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष लता संजय सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। निवासी सतीश, अमित नागर और ओम प्रकाश ने बताया कि करीब दस साल पहले बसी कॉलोनियों में अब तक पक्की सड़क नहीं बनी है। बारिश में रास्ते पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कच्चे रास्ते के कारण आए दिन हादसे का डर भी बना रहता है। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करेंगे।